(जे के मिश्र ) : बिलासपुर। विधि एवं विधायी कार्य विभाग, नई दिल्ली द्वारा 12 अगस्त 2024 को जारी अधिसूचना के तहत बिभू दत्त गुरु और अमितेन्द्र किशोर प्रसाद (एके प्रसाद) ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के समक्ष मंगलवार को हाई कोर्ट के अतिरिक्त जज के रूप में शपथ ग्रहण की।


यह शपथ ग्रहण समारोह चीफ जस्टिस के कोर्ट हॉल में आयोजित किया गया था, जिसमें महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत, हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाकांत सिंह चंदेल, और डिप्टी सॉलिसिटर जनरल रमाकांत मिश्रा ने नव-नियुक्त जजों के जीवन और करियर पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्तागण, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता, रजिस्ट्रार जनरल, न्यायिक अधिकारी, ज्यूडिशियल एकेडमी के न्यायिक अधिकारी और अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

नए जजों के शपथ ग्रहण के साथ चार डिवीजन बेंच का गठन शपथ ग्रहण से पूर्व रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय ने नया रोस्टर जारी कर दिया था।

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद, दोपहर 3:15 बजे से दोनों नए जजों ने डिवीजन बेंच में सुनवाई प्रारंभ की।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के साथ जस्टिस विभू दत्त गुरु और जस्टिस रजनी दुबे के साथ जस्टिस एके प्रसाद ने सुनवाई प्रारंभ की।

सिंगल बेंच में सुनवाई की शुरुआत
डिवीजन बेंच के बाद, जस्टिस विभू दत्त गुरु और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद ने दोपहर 3:45 बजे से स्पेशल सिंगल बेंच में सुनवाई प्रारंभ की।

नए रोस्टर के अनुसार होगी सुनवाई
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में जजों की संख्या अब 15 से बढ़कर 17 हो गई है। रजिस्ट्रार जनरल ने बुधवार से प्रकरणों की सुनवाई के लिए नया रोस्टर जारी कर दिया है।

इस नए रोस्टर के अनुसार चार डिवीजन बेंच में सुनवाई होगी और उसके बाद 17 सिंगल बेंच में मामलों की सुनवाई की जाएगी।
यह कदम न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है, जिससे कि अदालत के कार्यों में तेजी आए और न्याय पाने में देरी न हो।

Author: Deepak Mittal










Total Users : 8163331
Total views : 8188148