शिक्षकों के प्रति श्रृद्धा-भाव के साथ जिले के स्कूलों में मना गुरूपूर्णिमा पर्व..

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

गुरू पूर्णिमा के पावन अवसर पर जिले के विभिन्न शासकीय स्कूलों में आयोजित हुए कार्यक्रमों में गुरुजनों (शिक्षकों) को सम्मानित किया गया। उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव, पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर व पूर्व विधायक श्री घनश्याम पिरौनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने विभिन्न स्कूलों में पहुँचकर शिक्षकों को सम्मानित किया। साथ ही विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

 उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह गुरुपूर्णिमा के उपलक्ष्य में शासकीय गजराराजा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं गोरखी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुए शिक्षक सम्मान कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि हमारी संस्कृति में अनादिकाल से गुरू-शिष्य परंपरा चली आ रही है।

गुरुओं की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वेदों सहित अन्य धार्मिक ग्रंथों में गुरूओं की महिमा का उल्लेख मिलता है। बगैर गुरू के हमारा जीवन सार्थक नहीं हो सकता। श्री कुशवाह ने कहा कि विद्यार्थियों का जीवन गढ़ने में गुरुजनों का सबसे महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसलिए गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना हर विद्यार्थी का नैतिक दायित्व है।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिक्षानगर में आयोजित हुए गुरुजन सम्मान कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा गुरुजनों का सम्मान एवं उनके प्रति आदर भाव रखना भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा रही है। गुरुजनों द्वारा दिए गए ज्ञान व सीख की बदौलत ही हम जीवन पथ पर सफलता प्राप्त करते हैं।

जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव मुरार स्थित शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुपूर्णिमा पर आयोजित हुए शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि गुरुजन ज्ञान के भण्डार होते हैं। उनसे मिला ज्ञान ही विद्यार्थी के जीवन में रोशनी लाने का काम करता है। इसलिए गुरुजनों के प्रति हमें हमेशा श्रद्धा-भाव रखना चाहिए।

इसी तरह पूर्व विधायक श्री घनश्याम पिरौनिया जीवाजीराव स्कूल के कार्यक्रम में शामिल हुए और शिक्षकों के सम्मान में प्रभावी उदबोधन दिया। इसके अलावा जिले के अन्य शासकीय स्कूलों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण और अधिकारियों की मौजूदगी में गुरूपूर्णिमा पर्व मनाया गया। साथ ही शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति सम्पूर्ण समाज व सरकार की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की गई।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधे भी रोपे

मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने स्कूलों में गुरूपूर्णिमा पर्व पर आयोजित हुए शिक्षक सम्मान कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधे भी रोपे। उन्होंने पूर्व सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर के साथ शासकीय गजराराजा कन्या उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण किया।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *