नव भारत टाइम्स 24 x 7 के ब्यूरो चीफ जे.के. मिश्रा की रिपोर्ट:
कोरबा में लोगों को कर्ज देकर उसके बदले मोटी रकम वसूलने वाले एक बड़े सूदखोर को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी का नाम इरफान कुरैशी उर्फ मोनू है। यह आरोपी हाल ही में जेल से जमानत पर छूटा था और पुनः अपने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया था।
इरफान कुरैशी ने कई सरकारी कर्मचारियों को अपने चंगुल में फंसाया था। वह जरूरतमंद लोगों को कर्ज देता और बदले में कई गुना अधिक राशि वसूलता था। कर्ज देने के समय वह एटीएम कार्ड, पासबुक और चेक अपने पास रख लेता था ताकि समय पर वसूली सुनिश्चित हो सके।
कोरबा पुलिस ने इरफान को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 29 से अधिक एटीएम कार्ड, कई पासबुक, चेक, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। कुसमुंडा थाने में इरफान के खिलाफ पहले से सूदखोरी का मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि सूदखोरी से अर्जित पैसों से उसने काफी संपत्ति जमा कर रखी है, जिसे भविष्य में कुर्क भी किया जा सकता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान ने जानकारी दी कि इरफान के खिलाफ कुसमुंडा थाने में पहले भी शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर रिहा हुआ था और फिर से अपनी अवैध गतिविधियों में लग गया था। पुलिस ने पुनः कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे फिर से जेल भेज दिया गया है।



Author: Deepak Mittal










Total Users : 8170185
Total views : 8198397