कबरा हाथी को 17 हाथियों के झुंड से अलग करने की कोशिश विफल, सोमवार को वन विभाग फिर करेगा रेस्क्यू का प्रयास
उदयपुर (सरगुजा)। कबरा हाथी को 17 अन्य हाथियों के झुंड से अलग कर ट्रेंकुलाइज करने और सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भेजने के लिए वन विभाग द्वारा चलाया जा रहा अभियान तीसरे दिन भी सफल नहीं हो सका। लगातार प्रयासों के बावजूद वन विभाग की टीम को अब तक सफलता नहीं मिली है। रविवार को 18 हाथियों का दल रामगढ़ पहाड़ी स्थित पार्वती गुफा के समीप घने जंगल में पहुंच गया, जहां दिनभर विचरण करता रहा।
जानकारी के अनुसार, कबरा हाथी 17 अन्य हाथियों के साथ रात में सुखरी भंडार-लक्ष्मणगढ़ जंगल की ओर से निकला। इसके बाद आम डुग्गू, चकेरी और बेलढाब होते हुए सुबह करीब 8 बजे बोंगरू पहुंचा। यहां से हाथियों का पूरा दल वापस रामगढ़ पहाड़ी की ओर बढ़ा और पार्वती गुफा के समीप जंगल में डेरा जमा लिया।
50 मीटर की दूरी से ग्रामीणों ने देखा हाथियों का झुंड
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की पैदल ट्रैकर टीम लगातार निगरानी कर रही है। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण और कुछ अन्य लोग भी जंगल पहुंचे। बताया गया कि लोग करीब 50 मीटर की दूरी से हाथियों के झुंड को देख सके।
हालांकि, पहाड़ी क्षेत्र का उबड़-खाबड़ भूभाग और समतल रास्तों की कमी रेस्क्यू अभियान में बड़ी बाधा बनी हुई है। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण वन विभाग की टीम को हाथियों की घेराबंदी करने और कबरा हाथी को झुंड से अलग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
स्काई शॉट पटाखों से भी नहीं हुआ असर
तीसरे दिन देर शाम वन विभाग की टीम ने हाथियों के झुंड को प्रभावित कर कबरा हाथी को अलग करने के लिए स्काई शॉट पटाखों का सहारा लिया। उम्मीद थी कि इससे हाथियों का झुंड आगे बढ़ेगा और कबरा हाथी को अलग करने का अवसर मिल सकेगा। लेकिन यह प्रयास भी सफल नहीं हुआ। पूरा झुंड पार्वती गुफा के घने जंगल में प्रवेश कर गया।
इसके साथ ही तीसरे दिन का रेस्क्यू अभियान भी बिना किसी सफलता के समाप्त हो गया और टीम को वापस कैंप लौटना पड़ा।
सोमवार को फिर शुरू होगा रेस्क्यू अभियान
वन विभाग की योजना सोमवार को एक बार फिर अभियान शुरू करने की है। इसके तहत कबरा हाथी को 17 अन्य हाथियों से अलग कर ट्रेंकुलाइज करने और सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
Author: Deepak Mittal









