पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले के चाकण इलाके से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। कथित प्रताड़ना से परेशान एक 40 वर्षीय महिला ने अपने 25 साल के प्रेमी की हत्या की साजिश रचते हुए अपने बेटे और उसके दोस्त की मदद ली। पुलिस ने करीब 20 दिन की गहन जांच के बाद इस मामले का पर्दाफाश करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 7 जनवरी की है। महिला ने अपने प्रेमी को शराब पार्टी का झांसा देकर चाकण क्षेत्र के एक सुनसान नदी किनारे बुलाया। वहां पहले से मौजूद महिला का बेटा और उसका दोस्त भी शामिल हो गए। शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद तीनों ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवक को पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद पहचान छिपाने के इरादे से आरोपियों ने युवक के चेहरे और शरीर को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया और मौके से फरार हो गए। चार दिन बाद 11 जनवरी को स्थानीय लोगों ने नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चाकण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच में हत्या की पुष्टि हुई, लेकिन शव की हालत बेहद खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग एंगल से जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। साथ ही मौके से शराब की खाली बोतलें और सिगरेट के अवशेष भी बरामद किए गए। इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृत युवक महिला का प्रेमी था और दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे। महिला का आरोप है कि युवक उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी से तंग आकर महिला ने अपने बेटे और उसके दोस्त के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8223669
Total views : 8267604