दीपक मित्तल बालोद रायपुर छत्तीसगढ़
बालोद,कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने मंगलवार 18 जून को उप संचालक समाज कल्याण विभाग कार्यालय सिवनी में आयोजित कार्यक्रम में जिले के चार दिव्यांगों को बायोनिक हैण्ड का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हेें शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पूरे प्रदेश एवं जिले के दिव्यांगों को पहली बार अत्याधुनिक बायोनिक हैण्ड का वितरण किया गया है। इस दौरान कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम जेवरतला निवासी मोहित कुमार एवं ग्राम सतमरा निवासी षटानंद ठाकुर, गुरूर विकासखण्ड के ग्राम घोघोपुरी निवासी तीजूराम साहू तथा बालोद विकासखण्ड के ग्राम परसोदा निवासी उधोराम साहू को बायोनिक हैण्ड प्रदान किया। इसके अलावा डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम फदरफोड़ के दिव्यांग श्री योगेश कुमार खरे को भी बायोनिक हैण्ड प्रदान किया जाएगा। वे उस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित नही हो पाए थे। इन सभी दिव्यांगों का हाथ दुर्घटना, बीमारी या किसी कारणों से खराब हो गया था। इस अवसर पर कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने इन सभी दिव्यांगों को शाॅल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित भी किया। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने बताया कि रोबोटिक बायोनिक हैण्ड सामान्य हाथ की भाँति सभी कार्यों को भली-भाँति कर सकता है। उन्होंने बताया कि बायोनिक हैण्ड कंधे के पास से मांसपेशियों में पैदा होने वाली इलेक्ट्रिकल तरंगों के आधार पर संचालित होता है। इससे हाथ वही काम करता है, जो आप मन में सोच रहे होते हैं। इस दौरान सभी चारों दिव्यांगों को गिलास पकड़ा कर एवं अन्य कार्य कराकर इस बायोनिक हैण्ड के क्रियाकलापों की जानकारी ली गई। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री अजय गेडाम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


Author: Deepak Mittal










Total Users : 8240033
Total views : 8288354