तमिलनाडु में महिलाओं को सालाना 3 मुफ्त LPG सिलेंडर, फ्री बस सेवा का दायरा भी बढ़ा

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

पोंगल से शुरू होगी योजना, 1.30 करोड़ परिवारों को मिलेगा लाभ

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के लिए कई बड़ी कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया है। विधानसभा में सोमवार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने घोषणा की कि अन्नापूरणई सुपर सिक्स’ योजना के तहत 2.5 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले परिवारों को हर साल तीन मुफ्त LPG सिलेंडर दिए जाएंगे। योजना की शुरुआत अगले साल जनवरी में पोंगल के अवसर पर होगी।

सरकार के मुताबिक सिलेंडर खरीदने में खर्च होने वाली राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना से करीब 1.30 करोड़ परिवारों को लाभ मिलने का अनुमान है, जबकि सरकार पर हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये का वित्तीय भार आएगा।

मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी परिस्थितियों और LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने जनता से किए वादे के तहत रसोई गैस का खर्च वहन करने का फैसला किया है।

सरकार ने महिलाओं के लिए संचालित वेट्री पयानम मुफ्त बस यात्रा योजना का दायरा भी बढ़ाने की घोषणा की है। अब महिलाएं साधारण बसों के अलावा एक्सप्रेस, LSS, डीलक्स और इंटर-डिस्ट्रिक्ट सरकारी बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। योजना का लाभ ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को भी मिलेगा।

सरकार के इन फैसलों को आगामी पोंगल से पहले महिलाओं और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment