अचानकमार टाइगर रिजर्व में बाघिन का हमला, युवक की मौत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में प्रवेश करना एक युवक को भारी पड़ गया। दो शावकों के साथ घूम रही बाघिन ने युवक पर हमला कर दिया। बाघिन के हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना कल  की है। ग्राम बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे (23) अपने साथियों भानु प्रताप, शिवशंकर ध्रुव, दशरथ धृतलहरे और रामफल धृतलहरे के साथ जंगल में पिहरी (मशरूम) निकालने गया था। सभी युवक जोगीपुर परिसर के पाड़ाडोंगरी के पास पहुंचे थे, तभी दो शावकों के साथ मौजूद बाघिन ने उन्हें देखकर हमला कर दिया और युवकों का पीछा करने लगी।

इसी दौरान धर्मजीत बाघिन की चपेट में आ गया। बाघिन ने उसकी गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथियों ने उसे बचाने और जंगल से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।

वन विभाग के अनुसार, 15 जून से 31 अक्टूबर तक मानसून अवधि के दौरान टाइगर रिजर्व के कोर एवं प्रतिबंधित वन क्षेत्रों में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है। ग्रामीणों को जंगल में प्रवेश न करने के लिए स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (STPF) और पैदल गार्ड लगातार जागरूक करते हैं।

इसके बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के कारण यह दुखद हादसा हुआ। वन विभाग ने एक बार फिर ग्रामीणों से अपील की है कि मानसून अवधि में अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश न करें।

अचानकमार टाइगर रिजर्व और इसके बफर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की यह पहली घटना नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से वन क्षेत्र में प्रवेश के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment