रायपुर।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र नारायणपुर से एक उम्मीद भरी तस्वीर सामने आई है। कभी जहां लाल आतंक के डर से लोग कदम रखने से भी हिचकते थे, आज वहां विकास की पक्की राह बन चुकी है।
नारायणपुर के ईरकभट्टी से कच्चापाल तक अब पक्की सड़क तैयार हो गई है। राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने इसका वीडियो साझा करते हुए लिखा —
“यह दृश्य अपने आप में परिवर्तन की कहानी कहता है। जहां कभी लोग सोचते थे कि क्या यहां कोई कदम रख पाएगा, आज वहां सड़क बन रही है — विकास की राह खुल रही है।”
गृहमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि सुरक्षा बलों की वीरता, समर्पण और बस्तर के लोगों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अब इस सड़क के बनने से न केवल ग्रामीणों को आवाजाही में सुविधा होगी, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।
नारायणपुर में यह सड़क परियोजना नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थायी विकास की मिसाल बन रही है —
जहां कभी बंदूक की आवाज गूंजती थी, अब वहां बुलडोज़र और प्रगति की ध्वनि सुनाई दे रही है।
Author: Deepak Mittal









