केन्द्रीय मंत्री ने दी बधाई, रायपुर IPHL को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन: छत्तीसगढ़ ने सार्वजनिक स्वास्थ्य में स्थापित की मिसाल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने जिला अस्पताल रायपुर स्थित इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (IPHL) को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) का प्रमाणन प्राप्त होने पर छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी है। नड्डा ने इस उपलब्धि को राज्य की सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में राष्ट्रीय स्तर की सफलता बताया और कहा कि यह रायपुर IPHL देश की पहली ऐसी प्रयोगशाला बन गई है जिसे यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्राप्त हुआ।

मंत्री ने पत्र में उल्लेख किया कि यह उपलब्धि राज्य की विश्वसनीय और गुणवत्ता-आधारित डायग्नोस्टिक सेवाओं की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि IPHL की स्थापना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अधोसंरचना मिशन (PM-ABHIM) का महत्वपूर्ण घटक है, जो पूरे देश में स्वास्थ्य निगरानी, प्रयोगशाला नेटवर्क और आपदा तैयारी को मजबूत बनाने का उद्देश्य रखता है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस प्रमाणन से रायपुर IPHL ने मानव संसाधन, अत्याधुनिक उपकरण और उन्नत अवसंरचना का सफलतापूर्वक एकीकरण करते हुए राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को प्राप्त किया है, और यह उपलब्धि अन्य राज्यों के लिए राष्ट्रीय मानक स्थापित करती है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह राज्य की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है और राज्य सरकार जिलों में गुणवत्तापूर्ण प्रयोगशाला एवं डायग्नोस्टिक सेवाओं का निरंतर विस्तार करती रहेगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि यह प्रमाणन केवल एक संस्थान की सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के डॉक्टरों, लैब तकनीशियनों और जिला अस्पताल रायपुर की समर्पित टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य के अन्य जिलों में भी IPHL इसी मॉडल पर विकसित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, सटीक और विश्वसनीय जांच सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।

केन्द्रीय मंत्री ने पुनः आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार और गुणवत्ता संवर्धन के लिए लगातार सहयोग देगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में सार्वजनिक स्वास्थ्य परिवर्तन के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत करेगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment