छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा शहर में सोमवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र में चलती सीएनजी कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में सवार पिता-पुत्र बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके और जिंदा जल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन सड़क पर सामान्य रफ्तार से चल रहा था। इसी दौरान चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई और कार सड़क किनारे खड़े वाहनों से जा टकराई। टक्कर के तुरंत बाद सीएनजी किट से आग भड़क उठी और कुछ ही सेकंड में लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग विकराल रूप ले चुकी थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और दोनों सवारों की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि दोनों छिंदवाड़ा निवासी थे और उत्तर प्रदेश से वापस लौट रहे थे।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या सीएनजी गैस रिसाव को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गई है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8199816
Total views : 8237653