रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान आयोजित कोरिया महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 105 पात्र हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना से परिवारों को धुएं से मुक्ति मिलेगी और उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्वास्थ्य के अनुकूल ईंधन उपलब्ध होगा। इससे महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा और उनकी सेहत भी बेहतर होगी।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और स्व-रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 आजीविका दीदियों को पिंक ई-रिक्शा (ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस) वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने इसे महिलाओं की आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 14 स्वच्छता दीदियों को गार्बेज रिक्शा भी सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है और इसमें महिलाओं की सक्रिय भूमिका सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि समाज का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। सरकार जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8234473
Total views : 8281463