दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर ने लगाई मदद की गुहार, पुलिस ने शुरू की जांच
दिल्ली। आईपीएल सीजन 2024-25 में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए क्रिकेटर विप्रज निगम अब एक परेशान करने वाले विवाद में फंस गए हैं। उन्हें ब्लैकमेलिंग और इंटरनेशनल कॉल से धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। परेशान होकर विप्रज ने शहर के कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
मूल रूप से हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भटखेड़ा वार्ड निवासी और दिल्ली कैपिटल्स के प्रतिभाशाली ऑलराउंडर विप्रज निगम ने पुलिस को दी तहरीर में एक युवती पर ब्लैकमेल और बदनाम करने का आरोप लगाया है।
खिलाड़ी के अनुसार, युवती ने फोन पर अनुचित मांगें कीं, और जब वे मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। विप्रज ने बताया कि जब उन्होंने युवती का नंबर ब्लॉक कर दिया, तो उन्हें इंटरनेशनल नंबरों से लगातार धमकियां मिलने लगीं। कॉल करने वाले लोग न केवल उन्हें बल्कि उनके परिवार को भी सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की चेतावनी दे रहे हैं।
विप्रज ने कहा कि यह पूरी घटना उनके करियर को नुकसान पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश है। उन्होंने रविवार दोपहर को नगर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कॉल डिटेल्स और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
आईपीएल 2025 में विप्रज निगम का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा था। उन्होंने 14 मैचों में 142 रन बनाए और 11 विकेट झटके। निचले क्रम में खेली गई उनकी विस्फोटक पारियों ने फैंस को रोमांचित किया था। उभरते इस क्रिकेट स्टार का नाम अब इस विवाद के चलते एक नई चुनौती के रूप में सामने आया है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162517
Total views : 8186953