दुर्ग: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास ड्यूटी पर तैनात एक रेलवे कर्मचारी मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है। वह रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर पदस्थ थे।
अजय कुमार रविवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक की शिफ्ट में ड्यूटी पर थे। हादसा सुबह करीब 9 बजे उस वक्त हुआ, जब किलोमीटर संख्या 865/27 (रायपुर एंड) के पास से एक खाली मालगाड़ी (N/BOX EMPTY) गुजर रही थी। इसी दौरान वह अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची RPF
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर दुर्ग ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना दी। RPF स्टाफ, जीआरपी दुर्ग और स्थानीय रेलवे कर्मचारियों की मदद से करीब सुबह 9:50 बजे शव को ट्रैक से हटाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए मर्चुरी भेजा गया।
स्टेशन पर पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शोक का माहौल है। सहकर्मी स्तब्ध हैं और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। रेलवे प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162431
Total views : 8186806