सरगुजा: जिले में नेशनल हाईवे-130 पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलबा मोड़ के पास मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। लखनपुर से उदयपुर के डांडगांव की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवक सामने से आ रहे धान लोड ट्रैक्टर से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क से नीचे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान महेंद्र यादव, निवासी परपटिया (मैनपाट) और विजय लाल यादव, निवासी अरगोती के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल धान लोड ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
दूसरी घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर कुंवरपुर स्थित जय बजरंग ट्रेडिंग के सामने मंगलवार रात करीब 10.30 बजे हुई। यहां एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे चल रहे युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जियाउद्दीन अंसारी पिता कलामुद्दीन अंसारी, निवासी वार्ड क्रमांक 5 लखनपुर के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। दोनों ही मामलों में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8243803
Total views : 8292872