रायगढ़: जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी रैरूमाखुर्द के ग्राम डिडवानारा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया कि एक सिरफिरे युवक ने अपने ही रिश्ते के 65 वर्षीय बड़े पिताजी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राजाराम तिग्गा (65 वर्ष) सुनने में कमजोर थे। 30 नवंबर 2025 को वे अपने छोटे भाई लुकस तिग्गा के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान बस्ती में आरोपी मुकेन्दर तिग्गा के घर के बाहर थाली बजने की आवाज से वह नाराज हो गया। गुस्से में बाहर निकलकर उसने अपने ही रिश्ते के बड़े पिताजी को पकड़ लिया और सड़क पर पटककर लात-घूंसे से बेरहमी से पीट दिया, जिससे वृद्ध बेहोश हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने बीच-बचाव कर घायल बुजुर्ग को पहले पत्थलगांव, फिर रायगढ़, अंबिकापुर और पुनः पत्थलगांव अस्पताल में भर्ती कराया। कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। अंततः 28 दिसंबर 2025 को उन्हें घर लाया गया, जहां 29 दिसंबर की दोपहर उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के पुत्र तिरीत तिग्गा (31 वर्ष) की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में आरोपी मुकेन्दर तिग्गा (22 वर्ष) द्वारा हत्या किया जाना पाए जाने पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 01/2026, धारा 103 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 02 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। मामले की विवेचना में चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक बृज किशोर गिरी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 एक मामूली गुस्सा, एक पल की सनक… और उजड़ गया पूरा परिवार।
यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि क्या रिश्तों की कीमत अब इतनी सस्ती हो गई है?
Author: Deepak Mittal









