VB G RAM G से साकार होगा विकसित भारत का संकल्प, गांवों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता: बृजमोहन अग्रवाल

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

रायपुर: खरोरा में भारतीय जनता पार्टी जिला ग्रामीण द्वारा VB G RAM G जनजागरण अभियान के अंतर्गत जिला सम्मेलन एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे VB G RAM G के उद्देश्य और लाभों को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाएं और ग्रामीणों को इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान जन-जन का अभियान बनेगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित गांवों के बिना विकसित भारत की कल्पना संभव नहीं है। VB G RAM G (ग्रामीण आजीविका एवं रोजगार मिशन) इसी संकल्प का सशक्त प्रमाण है, जो ग्रामीण रोजगार, स्थानीय संसाधनों के उपयोग, आत्मनिर्भर पंचायत और समृद्ध गांवों की मजबूत नींव रखेगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गांवों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और स्वावलंबी बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है। VB G RAM G देश के इतिहास में पहली बार ऐसा कानून है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, रोजगार की गारंटी, भ्रष्टाचार पर रोक और पारदर्शी डिजिटल व्यवस्था सुनिश्चित करता है। इसके तहत ग्रामीणों को 15 दिन के भीतर रोजगार की गारंटी, 100 से बढ़ाकर 125 दिन का सुनिश्चित रोजगार और एक माह में भुगतान न होने पर ब्याज सहित भुगतान का प्रावधान किया गया है।

बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि जहां मनरेगा के अंतर्गत कार्यों की सीमा तय थी, वहीं VB G RAM G के माध्यम से अब गांवों में सड़क, स्कूल भवन, स्वास्थ्य केंद्र, नहर, पंचायत भवन, पेयजल और बिजली सहित सभी प्रकार के विकास कार्य किए जा सकेंगे। ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य तय करने का अधिकार मिलेगा, जिससे गांवों का तेज़ी से विकास होगा, आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और गांवों से शहरों की ओर होने वाला पलायन रुकेगा।

उन्होंने कहा कि VB G RAM G का अर्थ ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण’ है, जो रामराज्य की भावना के अनुरूप गांवों में न्याय, रोजगार और समृद्धि सुनिश्चित करेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि कांग्रेस को राम नाम से ही नफरत रही है। कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा को भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया गया था, जबकि VB G RAM G डिजिटल शासन के जरिए भ्रष्टाचारमुक्त ग्रामीण विकास सुनिश्चित करेगा।

सांसद अग्रवाल ने बताया कि पहले रोजगार गारंटी योजनाओं के लिए जहां 30 से 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान होता था, वहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह राशि बढ़कर 60 से 90 हजार करोड़ रुपये तक पहुंची है। आने वाले समय में लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये ग्रामीण अर्थव्यवस्था में निवेश किए जाएंगे, जिससे गांवों का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि यह विधेयक महात्मा गांधी के ग्राम-स्वराज की अवधारणा को सशक्त करते हुए उनके सपनों को साकार करेगा।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा में VB G RAM G विधेयक पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रथम वक्ता के रूप में प्रभावशाली पक्ष रखा था। कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *