दुर्ग: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा भिलाई तीन थाना क्षेत्र अंतर्गत पचपेड़ी गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान बोरसी हनोदा निवासी देवराज यादव (27) और उनके फूफा वीरेंद्र यादव (40) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवराज यादव की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। वह हाल ही में अपने ससुराल गया हुआ था, जहां दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शुक्रवार शाम अपने फूफा के साथ बाइक से घर लौट रहा था।
इसी दौरान जब दोनों पचपेड़ी गांव के पास पहुंचे, तभी पाटन की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर भिलाई तीन थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8201226
Total views : 8239370