मरे हुए बेटे की नौकरी और ग्रेच्युटी का लालच बना खूनी खेल, सास ने बहू को उतारा मौत के घाट

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

महाराष्ट्र/ठाणे: पैसे और नौकरी के लालच में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला महाराष्ट्र के ठाणे जिले से सामने आया है। यहां 60 वर्षीय महिला ने अपने ही बेटे की ग्रेच्युटी और नौकरी के फायदे के लिए बहू की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी सास ने ऐसी झूठी कहानी गढ़ी कि पुलिस भी कुछ देर के लिए गुमराह हो गई।

वालधुनी पुल के पास मिली लाश, पहले माना गया हादसा

पुलिस को कल्याण इलाके के वालधुनी पुल के पास एक महिला की लाश मिलने की सूचना मिली थी। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में मामला एक्सीडेंटल डेथ मानकर महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में ADR दर्ज की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थाने पहुंची सास, बोली—सुबह से लापता है बहू

मामले में उस वक्त नया मोड़ आया जब लताबाई नाथा गंगुर्डे नाम की महिला थाने पहुंची और दावा किया कि उसकी बहू रूपाली विलास गंगुर्डे (35) सुबह 8 बजे से लापता है।
कुछ देर बाद लताबाई ने ही वालधुनी पुल के पास मिली लाश की पहचान रूपाली के रूप में कर दी।

पूछताछ में खुल गया खूनी राज

क्राइम ब्रांच की टीम ने इंस्पेक्टर विजय नाइक के नेतृत्व में जब लताबाई से सख्ती से पूछताछ की, तो पूरी साजिश सामने आ गई।
पुलिस जांच में पता चला कि—

  • रूपाली के पति विलास गंगुर्डे, जो रेलवे में कर्मचारी थे, की सितंबर 2025 में मौत हो गई थी।

  • मौत के बाद रूपाली को 9–10 लाख रुपये की ग्रेच्युटी मिली थी।

  • लताबाई यह पैसा अपने पास रखना चाहती थी और इसी बात को लेकर सास-बहू में विवाद चल रहा था।

मरे बेटे की नौकरी पर भी थी नजर

सिर्फ पैसों का ही नहीं, बल्कि नौकरी का भी लालच इस हत्या की बड़ी वजह बना।
पुलिस के अनुसार—

  • लताबाई चाहती थी कि उसके 15 वर्षीय पोते को अनुकंपा के आधार पर रेलवे में नौकरी मिल जाए।

  • वहीं, बहू रूपाली खुद उस पद के लिए आवेदन करना चाहती थी।

  • इसी बात पर दोनों के बीच तीखा झगड़ा हुआ था।

दोस्त के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश

लालच और गुस्से में अंधी लताबाई ने अपने दोस्त जगदीश महादेव म्हात्रे (67) के साथ मिलकर बहू की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक—

  • दोनों ने रात में लोहे की रॉड से रूपाली पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

  • हत्या के बाद आरोपियों ने खून के धब्बे साफ किए,

  • रूपाली के खून से सने कपड़े बदल दिए,

  • और शव को वालधुनी पुल के पास फेंक दिया

गुमशुदगी की रिपोर्ट से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

हत्या के बाद सास ने बहू की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई, ताकि मामला हादसा लगे और शक किसी पर न जाए।
हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच ने साजिश की परतें खोल दीं।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

कल्याण डिवीजन के असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर कल्याणजी गेटे ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment