गृहमंत्री ने नवचयनित सिपाहियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले-दंगों का घर माना जाने वाला यूपी आज दंगा मुक्त

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

अतंरिक्ष के क्षेत्र में हम सोच नहीं सकते थे, कि भारत कभी वहां पहुंचेगा। लेकिन हम चंद्रमा के उस हिस्से पर पहुंचे जहां पूरे विश्व में कोई नहीं पहुंचा। आज अयोध्या में रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हो चुके हैं।
काशी विश्वनाथ में कॉरिडोर बन चुका है। सोमनाथ मंदिर सोने का बनाने की दिशा में काम हो रहा है। वक्फ बोर्ड से आज कोई कानी पाई भी नहीं चुरा सकता। वक्फ कानून से रोका गया है। आखिर में नवचयनित सिपाहियों से कहा कि आप सभी युवा यूपी पुलिस का हिस्सा बनिए। गरीब, वंचित को आपके अंदर मसीहा दिखना चाहिए। ऐसा काम कीजिए। यूपी में अच्छा काम करते हुए आप देश की सेवा करेंगे।
01:40 PM: मोदी सरकार में देश सुरक्षित हुआ है। पहले 11 जिलों में नक्सलवाद हावी थी। आज सिर्फ तीन जिले बचे हैं। मेरी बात याद रखना 31 मार्च 2026 को हम देश को नक्सलवाद मुक्त कर देंगे। कांग्रेस शासन में आए दिन आतंकवादी हमले होते थे। मोदी के शासन के तीन बार प्रयास हुआ। उरी में हमला किया तो सर्जिकल स्ट्राइक किया। पुलवामा किया तो हमने एयर स्ट्राइक किया। पहलगाम में हमला किया तो आपरेशन सिंदूर से हमने उनके मुख्यालय को जमीन में मिला दिया। जहां पर बैठकर वो इंटरव्यू देते थे, वहां से रोने के उनके वीडियो सामने आ रहे हैं।
01:37 PM: दंगों का घर माना जाने वाला यूपी आज दंगा मुक्त होगा चुका है। आज यूपी में अपराधियों को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिलता। पिछले 11 साल के अदंर 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए। गैस सिलिंडर, पांच लाख तक का मुफ्त इलाज, किसान को छह हजार रुपये सालाना देकर एक नया उजाला देने का काम किया है। जब नरेंद्र मोदी आए तब देश अर्थतंत्र में 11वें नंबर पर था। आज हम चौथे नंबर पर हैं। 2027 तक हमारा देश दुनिया के तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बन जाएगा।
01:27 PM: इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आज इन 60244 युवाओं के लिए सबसे शुभ दिन है। आज ये सभी लोग देश के सबसे बड़े प्रदेश के पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। यूपी में कुछ साल ऐसे आए जब यहां की कानून न्यवस्था बिगड़ती गई। लेकिन, फिर समय आया और योगी आदित्यनाथ सीएम बने और यहां पर फिर कानून का राज स्थापित है। 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के तीन साल बाद तक यूपी में बदलाव नहीं हुआ। लेकिन योगी सरकार बनने के बाद यहां काफी बदलाव हुआ।

आज किसी युवा को एक पैसा भी नहीं देना पड़ा, न खर्ची, न पर्ची, न सिफारिश, सिर्फ योग्यता के आधार पर आप सबको चयनित किया गया। इसमें 12 हजार से अधिक बच्चियां है। आज बच्चियों के चेहरे पर मुस्कान, तेज, आत्मसंतुष्टि देखकर काफी सुकून मिला। आज आपको भरोसे के साथ कह रहे हैं जब 2047 में हमारा देश सबसे ऊपर होगा। इसमें यूपी का अहम योगदान होगा।
01:17 PM: चाहे दलित हो, पिछड़ा हो, महिला हो, पुरुष हो, आज सभी को बिना भेदभाव पुलिस भर्ती में मौका मिला है। आप सभी लोग यह ध्यान रखना ट्रेनिंग में जितना पसीना बहेगा, ड्यूटी पर उतना कम खून बहेगा। अच्छी पुलिस का उदाहरण बनने की सीख दी।
01:12 PM: पहले पैसा दिए बिना किसी की चयन नहीं हो सकता था। लेकिन, आज आरक्षण की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पारर्दशिता के साथ भर्ती की। हमने आठ साल में दो लाख से ज्यादा भर्ती की। आज हमने यूपी के अंदर ट्रेनिंग क्षमता की सुविधा को 60 हजार से अधिक कर दिया है। सभी युवा प्रदेश में ट्रेनिंग कर सकते हैं। आठ नए फोरेंसिक लैब बन चुकी हैं। छह पर काम चल रहा है। सभी 75 जिलों में साइबर थानों की सुविधा उपलब्ध हैं।
01:06 PM: इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यह भर्ती एवं नियुक्ति कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब यह देश पीएम मोदी की सरकार के 11 वर्षों के सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण के तहत एक नए युग का साक्षी बन रहा है। आज का कार्यक्रम पीएम मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन का परिणाम है। पिछले आठ वर्षों में राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को 8.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर उदाहरण दिया है कि परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता क्या होती है। आज का कार्यक्रम इसका एक और उदाहरण है। आज शासन में हिस्सेदारी का लाभ गरीब, वंचित के साथ सभी तबके के लोगों को प्राप्त है। आबादी की दृष्टि से यूपी सबसे बड़ा राज्य है, तो चुनौतियां भी अधिक थीं। लेकिन, आठ वर्षों में बिना रुके, बिना झुके, बिना डिगे काम किया। काम करके दिखाया।
01:02 PM: गृहमंत्री और सीएम नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र दे रहे हैं। सबसे सत्यम नायर को बुलाया गया। इसके बाद एक के बाद एक सिपाहियों को बुलाकर नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
12:58 PM: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब हम उत्तर प्रदेश में सरकार में नहीं थे, तो राज्य में गुंडागर्दी और हिंसा व्याप्त थी। आज आप ऐसे दौर में पुलिस सेवा में शामिल हुए हैं, जहां आपको अच्छी कानून-व्यवस्था और सुशासन मिलेगा। हम सबका एक ही संकल्प है- उत्तर प्रदेश की जनता की सुरक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती और ‘नकल माफिया’ से मुक्ति। आज बिना पैसा दिए आप लोगों की भर्ती हुई है। पहले ऐसा नहीं था, पैसे देकर ही नौकरी मिलती थी। आप सभी लोग अपने कर्तव्यपथ पर आगे बढ़िए। उन्होंने सभी नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।

12:57 PM: कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज गृहमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई जारी है। हम जुलाई माह तक नक्सलवाद को देश से समाप्त कर देंगे।
12:50 PM: गृहमंत्री कार्यक्रम स्थल पहुंच गए हैं। उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद हैं। सीएम ने भगवान राम की प्रतिमा भेंटकर गृहमंत्री का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी समेत कई मंत्री मौजूद हैं।
12:47 PM: डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित कार्यक्रम में नवचयनित महिला व पुरुष सिपाही मौजूद हैं। इन्हें कुछ देर में नियुक्ति पत्र मिलेगा।
12:43 PM: गृहमंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंच गए हैं। अमौसी एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
12:07 PM:सीएम योगी ने डिफेंस एक्सपो मैदान का किया निरीक्षण

इससे पहले शनिवार की शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन योजना स्थित कार्यक्रम स्थल डिफेंस एक्सपो मैदान का निरीक्षण किया। यहां पर सीएम ने अधिकारियों के साथ सभी तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण और लखनऊ पुलिस कमिश्नर भी उपस्थित रहे।

12:02 PM:यूपी में पुलिस विभाग के नवचयनित 60,244 सिपाहियों को आज नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। अब से कुछ देर में गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। इससे पहले डीजीपी राजीव कृष्णा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डिफेंस एक्सपो ग्राउंड का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

डीजीपी ने कहा कि कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ वह पूरे प्रदेश से आने वाले नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र देंगे। इसके लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। उनके गृह जिलों से लेकर कार्यक्रम स्थल तक, हमने एक मध्यवर्ती जिला निर्धारित किया है, जहां वे रात भर रुकेंगे।

बता दें कि सिपाही नागरिक पुलिस के पदों पर 48,196 पुरुष और 12,048 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा कराई गई परीक्षा के लिए कुल 48.17 लाख आवेदन आए थे। जिनमें से 15.49 लाख महिलाएं थीं। सबसे अधिक अभ्यर्थी आगरा (2,349) से चयनित हुए थे। वहीं अन्य राज्यों बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली आदि से भी 1,145 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *