महासमुंद: भारत सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज जिला महासमुंद अंतर्गत स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर का दौरा कर वहां मौजूद प्राचीन धरोहरों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
सिरपुर हेलीपैड पर केंद्रीय मंत्री शेखावत का सांसद महासमुंद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभास कुमार सहित जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री ने ऐतिहासिक लक्ष्मण देवालय, आनंद प्रभु कुटी विहार, तीवरदेव विहार, सुरंग टीला एवं स्थानीय हाट बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने सिरपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह स्थल भारत की प्राचीन विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है, जिसे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की आवश्यकता है।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुरातात्विक स्थलों की मूल संरचना से किसी भी प्रकार का समझौता न हो, लेकिन पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास जरूर किया जाए। उन्होंने बेहतर सड़क, साइन बोर्ड, सूचना केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि सिरपुर में कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी, जिससे पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सिरपुर आकर गौरव की अनुभूति हो रही है और इसे वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। यह ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक नगरी हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा का जीवंत प्रतीक है।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विहारों और मंदिरों के अवशेषों को सुरक्षित रखने और संरक्षित करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। दौरे के अंत में केंद्रीय मंत्री गंधेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने गंधेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि की कामना की।
Author: Deepak Mittal








