रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से ट्रिपल आईटी नया रायपुर के निदेशक प्रोफेसर ओमप्रकाश व्यास ने उनके निवास कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सीएम साय ने ‘आदि वाणी’ परियोजना के तहत गोंडी भाषा अनुवादक मोबाइल ऐप के सफल लॉन्च पर प्रोफेसर व्यास और उनकी टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मोबाइल ऐप के जरिए गोंडी भाषा बोलने वाले जनजातीय भाई-बहनों की आवाज़ अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचेगी। यह तकनीक उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के साथ शिक्षा और शासन-प्रशासन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम बनेगी।
प्रो. व्यास ने जानकारी दी कि इस ऐप में टेक्स्ट-टू-स्पीच और अनुवाद प्रणाली विकसित की गई है, जिससे गोंडी से हिंदी और अंग्रेज़ी तथा इसके विपरीत अनुवाद संभव होगा। अब यह सुविधा मोबाइल ऐप के रूप में आम नागरिकों तक भी पहुँच चुकी है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना में ट्रिपल आईटी नया रायपुर के साथ आईआईटी दिल्ली, आईआईटी हैदराबाद और बिट्स पिलानी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी जुड़े हैं। ‘आदि वाणी’ परियोजना को जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा प्रायोजित किया गया है। इस तकनीक से खासकर बस्तर अंचल के 30 लाख से अधिक गोंडी भाषी समुदाय को अपनी भाषा और संस्कृति को सुरक्षित रखने तथा डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8232254
Total views : 8278761