सरगुजा: बुर्का पहनकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की चालाकी पुलिस के सामने काम नहीं आई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे धर दबोचा गया।
जानकारी के अनुसार, बीते 14 दिसंबर की रात आरोपी आकाश अग्रवाल उर्फ कल्लू कटर ड्रिल मशीन लेकर शहर के जगदंबा आभूषण भंडार में चोरी करने घुसा था। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहन रखा था। हालांकि चोरी के दौरान शोर होने पर वह मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने शहर के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कटर ड्रिल मशीन सहित अन्य सामान भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Author: Deepak Mittal









