सुंदरगढ़: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में बीफ रखे जाने की अफवाह को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने और भड़काऊ संदेशों के प्रसार को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने शुक्रवार को जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सुंदरगढ़ के रीजेंट मार्केट इलाके में एक मीट शॉप पर कथित तौर पर बीफ बेचे जाने की अफवाह फैली। इसके बाद कुछ स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और विरोध जताने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में बाजार में जमा हो गए। पहले तीखी बहस हुई और फिर मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई।
हिंसा के दौरान कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की गई और हथियार लहराने व आगजनी की भी सूचनाएं सामने आईं। इस घटना में कम से कम 12 नागरिक और चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने बल प्रयोग कर दोनों गुटों को तितर-बितर किया और स्थिति पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिमी रेंज के डीआईजी, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट और सब-कलेक्टर मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांति बहाल करने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर रीजेंट मार्केट क्षेत्र और एक किलोमीटर के दायरे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनसी) की धारा 163 लागू कर दी गई है।
डीआईजी वेस्टर्न रेंज बृजेश राय ने बताया कि रीजेंट मार्केट में मांस बिक्री को लेकर आरोप सामने आए थे। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की जा रही थी, तभी अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर हालात को नियंत्रित किया।
जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल शुक्रवार शाम तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Author: Deepak Mittal









