जिले के डभरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय शिक्षक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, रघुनंदन चंद्रा (42) गुरुवार सुबह अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर लक्ष्मणभाटा स्थित नौरंगे फैब्रिकेशन के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में शिक्षक को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करते हुए शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
सूचना पर डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर सड़क खाली कराई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Author: Deepak Mittal









