परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा: जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र से एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय दिलेश्वर कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने उसकी पत्नी राजकुमारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं और हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों का आरोप है कि राजकुमारी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर दिलेश्वर को जहर देकर मौत के घाट उतारा है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह चरित्र को लेकर शक बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दिलेश्वर कुमार और उसकी पत्नी राजकुमारी पिछले सात वर्षों से रजगामार क्षेत्र में रह रहे थे। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 12 वर्षीय बेटा और 10 वर्षीय बेटी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पिछले डेढ़ साल से दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। इसी तनावपूर्ण स्थिति के चलते करीब एक माह पहले दिलेश्वर अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़कर नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अपने गृहग्राम हीरागढ़ चला गया था।
परिजनों का यह भी आरोप है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर फोन पर झगड़े होते थे और राजकुमारी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध था। इसी वजह से उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी और उसके भाई के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8150853
Total views : 8168348