अंधविश्वास बना खूनखराबे की वजह: पलामू में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या, बेटी गंभीर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में अंधविश्वास ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। पांकी थाना क्षेत्र के आसेहार पंचायत अंतर्गत कुसड़ी गांव में शनिवार देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली वारदात में परिवार की 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला अंधविश्वास और डायन-बिसाही के शक से जुड़ा बताया जा रहा है।

मृतकों की पहचान विजय भुईयां, उनकी पत्नी हेवंती देवी और बेटे छोटू भुईयां के रूप में हुई है। वहीं, उनकी बेटी ममता कुमारी पर भी हमला किया गया, जो फिलहाल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाले रवींद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां को नामजद आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि विजय भुईयां का गांव के कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के एक वर्ग द्वारा उसके परिवार पर ओझा-गुणी और डायन-बिसाही का आरोप लगाया जाता रहा, जिसे लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे और पंचायतें तक बुलाई गई थीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात कुछ लोग विजय भुईयां के घर पहुंचे, पहले परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई और फिर धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जुट गए।

पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह इलाका थाना क्षेत्र से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित है और नक्सल प्रभावित माना जाता है, ऐसे में पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment