सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्कूली छात्रों से नेताओं का स्वागत कराए जाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिले की पूर्व माध्यमिक शाला गणेशपुर के प्रधान पाठक राम सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि स्कूल के नियमित शैक्षणिक समय के दौरान कांग्रेस नेता का स्वागत कराया गया, जो शिक्षा व्यवस्था के नियमों का गंभीर उल्लंघन है। रिपोर्ट के अनुसार, छात्रों को न सिर्फ सड़क पर खड़ा कर नेताओं का स्वागत कराया गया, बल्कि उनसे ‘हसदेव बचाओ’ जैसे नारे भी लगवाए गए, जिसे स्कूल के अनुशासन और शैक्षणिक माहौल के लिए अनुचित माना गया।
डीईओ की जांच में प्रधान पाठक के साथ-साथ अन्य संबंधित व्याख्याताओं की भी लापरवाही पाई गई है। रिपोर्ट के आधार पर शासन को पत्र भेजकर अन्य जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ भी कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला कांग्रेस नेता विक्रांत भूरिया के स्वागत कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह की मौजूदगी में स्कूली बच्चों से सड़क पर खड़ा होकर स्वागत कराया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और जांच के आदेश दिए गए।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों को किसी भी प्रकार के राजनीतिक कार्यक्रमों से दूर रखा जाना चाहिए, और छात्रों का इस तरह उपयोग करना नियमों के खिलाफ है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8164949
Total views : 8190747