विधायक ने किया शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को दी बधाई
निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली 8959931111
मुंगेली – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विकासोन्मुखी सोच के अनुरूप छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम द्वारा मुंगेली विकासखंड के ग्राम लिलवाकापा में राज्य का पहला मिनीमाता पेट्रोल पंप प्रारंभ किया गया।
इसका विधिवत शुभारंभ मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने रिबन काटकर किया। उद्घाटन समारोह में निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बेसरा, प्रबंध संचालक जगदीश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष रामकमल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मुंगेली एसडीएम पार्वती पटेल व अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।


विधायक मोहले ने कहा कि शासन द्वारा संचालित यह पेट्रोल पंप न केवल ईंधन की उपलब्धता के दृष्टिकोण से लाभकारी सिद्ध होगा, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने इस सुविधा के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
निगम अध्यक्ष बेसरा ने कहा कि अंत्यावसायी निगम का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक आर्थिक सहायता पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। पेट्रोल पंप जैसी योजनाएं इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष पांडेय ने विभागीय योजनाओं के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
प्रबंध संचालक सोनकर ने बताया कि यह पेट्रोल पम्प इंडियन ऑयल के सहयोग से स्थापित किया गया है। इससे निगम की आर्थिक सुदृढ़ता में सहायता मिलेगी और भविष्य में अन्य जिलों में भी ऐसे लाभकारी प्रकल्पों की स्थापना की जाएगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी देवेंद्र जांगड़े ने पेट्रोल पंप की योजना, संरचना एवं संचालन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम का समापन निगम की सचिव गायत्री नेताम द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कार्यक्रम के समापन में अतिथियों को राजकीय गमछा एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन जिला कलेक्टोरेट के अधीक्षक अशोक सोनी ने किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
