हुनर आपको दिला सकती है नई पहचान, प्रशिक्षण अवश्य प्राप्त करें – कलेक्टर

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

कौशल विकास पखवाड़ा अंतर्गत ग्राम धरदई में शिविर आयोजित

निर्मल अग्रवाल ब्यूरो प्रमुख मुंगेली

मुंगेली- कौशल विकास पखवाड़ा अंतर्गत पथरिया विकासखण्ड के ग्राम धरदई में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लाइवलीहुड कॉलेज, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, आदिम जाति कल्याण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पुलिस, श्रम, चिप्स और जनपद पंचायत मुंगेली सहित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए। इसके साथ ही पुलिस विभाग द्वारा साइबर जन जागरूकता पखवाड़ा कार्यक्रम अंतर्गत लोगों को साइबर क्राईम से बचाव हेतु जागरूक किया गया। कलेक्टर राहुल देव एवं एसपी भोजराम पटेल ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजनांतर्गत 05 हितग्राहियों कौशल विकास प्रमाण पत्र एवं श्रम विभाग अंतर्गत दो हितग्राहियों को नवीनीकृत श्रम कार्ड प्रदान किया।


कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, कौशल विकास योजना एवं विभिन्न आजीविका विकास कार्यक्रम अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन डोमेस्टिक सॉल्यूशन, डॉमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर, टैक्सी ड्राइवर, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, सेल्फ एंप्लॉयड टेलर, ब्यूटीशियन, दर्जी, नाई इत्यादि में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए आप लोग आवेदन अवश्य करिए। जिला प्रशासन द्वारा अपको प्रशिक्षण दिलाने के साथ प्लेसमेंट कैम्प के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि आपके पास हुनर है, तो आप कहीं भी रोजगार प्राप्त कर सकते हैं और अपनी मेहनत से अच्छी आमदनी हासिल कर सकते हैं। आपकी हुनर आपको एक नई पहचान दिला सकती है। प्रशिक्षण अवश्य प्राप्त करें।

एसपी ने युवाओं को सायबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक

पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को कौशल विकास में प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही युवाओं को सायबर अपराध की बढ़ती हुई घटनाओं को देखते हुए बचाव के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी व्यक्ति नहीं है जो सुरक्षा के बारे में नहीं सोचता है, लेकिन आज के समय में चोरी करने का तरीका बदल गया है। आज के समय में मोबाइल दोस्त भी है दुश्मन भी है। किसी अनजान व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी बिलकुल शेयर न करें और सायबर अपराध के प्रति जागरूक एवं सतर्क रहें। जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य हमारे युवा वर्ग को प्रशिक्षण की जानकारी देना है और उन्हें लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है। शासन द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास कार्यक्रम और मुख्यमंत्री कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जिसके पास कौशल या हुनर है, वह कभी भी पीछे नहीं होता है, दूसरे से आगे ही रहता है। जिला पंचायत सदस्य जागेश्वरी घनश्याम वर्मा ने कहा कि ये आपके भविष्य से जुड़े हुए कार्यक्रम है। कौशल विकास के लाभ लेते हुए आगे बढ़े। गणमान्य नागरिक जगदीश वर्मा ने कहा कि युवाओं को नौकरी के लिए भागना न पड़े, इसलिए हमारे प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नई दिशा में ले जाने के लिए कार्य कर रहे है। विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

कलेक्टर एसपी ने किया शिविर का अवलोकन, स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में कराया बीपी जांच

कार्यक्रम में कलेक्टर एवं एसपी ने शिविर का अवलोकन किया तथा विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी ली और हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने प्रेरित किया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में स्वयं का बीपी जांच कराया। दोनों का बीपी सामान्य पाया गया। कलेक्टर ने आमलोगों को भी समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए भी प्रेरित किया।

कौशल पखवाड़ा अंतर्गत बनाए गए सेल्फी जोन में खिंचवाई फोटो कलेक्टर एवं एसपी ने हुनर से शिखर की ओर थीम पर बनाए गए कौशल पखवाड़ा सेल्फी जोन में फोटो खिंचवाया तथा युवाओं को अपना कौशल उन्नयन कर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

इन विभागों द्वारा लगाया स्टॉल, 318 हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक संचालक कौशल विकास प्राधिकरण अजय शतरंज ने बताया कि शिविर में कौशल प्रशिक्षण के लिए 277 आवेदन प्राप्त हुए। इसके साथ ही 318 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान पीएम विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न विभाग से संबंधित योजनाओं व स्वरोजगार हेतु ऋण लेने की प्रक्रिया के संबंध में बताया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, छात्र-छात्राएं एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर एवं कौशल पखवाड़ा कार्यक्रम चंदली में डिप्टी कलेक्टर शतरंज ने बताया कि जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर एवं कौशल पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन 23 अक्टूबर को लोरमी विकासखण्ड के ग्राम चंदली में किया जाएगा। इस दौरान लोगों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग से संबंधित योजनाओं से लाभान्वित करने, पीएम विश्वकर्मा योजना, स्वरोजगार हेतु ऋण, बेरोजगार युवाओं की काउंसलिंग एवं आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

October 2026
S M T W T F S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *