रायपुर/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड अब जानलेवा साबित होने लगी है। अंबिकापुर से सटे श्रीगढ़ इलाके में नए साल की रात एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कम कपड़ों में खुले आसमान के नीचे सोने के कारण बुजुर्ग हाइपोथर्मिया की चपेट में आ गए। सुबह उनका शव पैरावट में अकड़ा हुआ मिला। यह अंबिकापुर क्षेत्र में ठंड से हुई दूसरी मौत है, जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और घना कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश और आसपास बने साइक्लोन सर्कुलेशन का असर अब प्रदेश में दिखाई देने लगा है। इसी कारण कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।
गौरतलब है कि इससे पहले 11 दिसंबर की रात अंबिकापुर बस स्टैंड में खुले में सो रहे एक व्यक्ति की भी ठंड से मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने यह साफ कर दिया है कि ठंड अब सिर्फ परेशानी नहीं, बल्कि सीधा जान का खतरा बन चुकी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8234480
Total views : 8281473