धमतरी: जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनाईकेरा गांव में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर आधी रात जमकर बवाल हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि आदिवासी समाज और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। करीब पांच घंटे तक चले तनावपूर्ण माहौल के बाद प्रशासन ने दफन की गई कब्र को खुदवाकर शव को बाहर निकलवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, मुनाईकेरा गांव निवासी जलसिह नेताम ने करीब 15 साल पहले ईसाई धर्म अपनाया था। रविवार को उनकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद परिजनों ने शव को गांव में ही अपनी बाड़ी में दफना दिया। जैसे ही इस बात की जानकारी गांव के अन्य लोगों और आदिवासी समाज को लगी, भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और इसका विरोध शुरू कर दिया।
विरोध बढ़ने की सूचना पर प्रशासन और पुलिस टीम गांव पहुंची, लेकिन समझाइश के बावजूद हालात शांत नहीं हुए। देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। आखिरकार करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दफन की गई कब्र को खुदवाया और शव को बाहर निकलवाया।
प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब शव को धमतरी में दफनाया जाएगा। पूरी कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी और पुलिस सुरक्षा में की गई। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8234474
Total views : 8281464