लगातार बारिश के चलते लिया गया फैसला, त्रैमासिक परीक्षाओं की तारीख भी बदली
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीजापुर और बस्तर जिले में 25 सितंबर को स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
बीजापुर जिले में 25 सितंबर को प्राथमिक, मिडिल, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अवकाश रहेगा। लगातार बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।


स्कूल बंद रहने के कारण 25 सितंबर को प्रस्तावित त्रैमासिक परीक्षाओं की तिथियों में भी बदलाव किया गया है। मिडिल और माध्यमिक स्तर की परीक्षा अब 28 सितंबर 2026 को पूर्व निर्धारित समय पर होगी। वहीं, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की 25 सितंबर को होने वाली त्रैमासिक परीक्षा अब 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
इधर, बस्तर जिले में भी लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए 25 सितंबर को सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल की ओर से जारी आदेश में विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है।
Author: Deepak Mittal









