शौर्य, अनुशासन और बलिदान की मिसाल: पुलिस जवानों को नमन करते हुए बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय – “जवानों की निष्ठा से ही संभव हुआ शांति और विश्वास का वातावरण”
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, कहा – नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है छत्तीसगढ़
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज चौथी वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, माना रायपुर के प्रांगण में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों ही गणमान्य अतिथियों ने प्रदेश की जनता की ओर से शहीद वीर जवानों को नमन किया और शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि पुलिस के अदम्य साहस, पराक्रम और त्याग को देश सदैव नमन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान जिस निष्ठा और अनुशासन के साथ 24 घंटे नागरिकों की सेवा में तत्पर रहते हैं, उसी के कारण राज्य में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित है। राज्यपाल ने कहा कि पुलिस का दायित्व अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है—जहां एक ओर कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है, वहीं नागरिकों को भयमुक्त वातावरण देना भी उनका कर्तव्य है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने दृढ़ संकल्प, साहस और निष्ठा के साथ नक्सलवाद की चुनौती का सामना किया है, जिसके परिणामस्वरूप इन क्षेत्रों में शांति और विश्वास का वातावरण सशक्त हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में राज्य पूर्णतः नक्सल समस्या से मुक्त होगा। राज्यपाल डेका ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनके सतत योगदान के लिए नमन किया।

Author: Deepak Mittal










Total Users : 8155747
Total views : 8176248