सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भुनेश्वरपुर में पदस्थ 32 वर्षीय शिक्षिका शिखा त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका पांच वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
मृतका संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर के कुलसचिव की सुपुत्री बताई जा रही हैं। घटना के बाद पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई है।
अवैध लकड़ी तस्करी में प्रयुक्त ट्रैक्टर से टक्कर
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका अपने बेटे के साथ रामानुजनगर स्थित किराए के मकान से स्कूटी पर स्कूल के लिए निकली थीं। कौशलपुर स्थित एमपी ट्रैक्टर गैरेज के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक मॉडीफाइड ट्रैक्टर (क्रमांक यूपी 12 बीडब्ल्यू 2352) ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर यूकेलिप्टस की अवैध तस्करी में प्रयुक्त हो रहा था। हादसा इतना भीषण था कि शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
चालक और परिचालक हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना से शिक्षा जगत और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।
Author: Deepak Mittal









