रायपुर: सीजीएमएससी में सामने आए करीब 660 करोड़ रुपये के रीएजेंट घोटाले के मामले में जेल में बंद मोक्षित कॉर्पोरेशन के संचालक शशांक चोपड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। ईडी ने प्रोटेक्शन वारंट के तहत शशांक चोपड़ा को कोर्ट में पेश कर 19 जनवरी तक पुलिस रिमांड हासिल की है।
उल्लेखनीय है कि रीएजेंट घोटाले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) के साथ-साथ ईडी भी कर रही है। ईडी ने अपने प्रकरण में शशांक चोपड़ा को पहली बार गिरफ्तार किया है, जबकि वह पहले से ही ईओडब्ल्यू के मामले में न्यायिक हिरासत में बंद है। जांच एजेंसियों के अनुसार, शशांक चोपड़ा को सीजीएमएससी घोटाले का मास्टरमाइंड माना जा रहा है।
इससे पहले ईडी ने पीएमएलए के तहत मामला दर्ज करने के बाद 30 और 31 जुलाई को मोक्षित कॉर्पोरेशन से जुड़े निदेशकों और अधिकारियों के करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। अगस्त माह में ईडी ने शशांक चोपड़ा और उसके रिश्तेदारों की 40 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को अटैच किया था।
अब एक बार फिर ईडी ने शशांक चोपड़ा से नए सिरे से पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड हासिल की है। माना जा रहा है कि इस पूछताछ के दौरान घोटाले में शामिल अन्य आरोपियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं। इसके चलते आने वाले दिनों में ईडी की कार्रवाई और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162547
Total views : 8187002