अलीगढ़: दिल्ली से पटना जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह धमकी उस समय मिली, जब ट्रेन अलीगढ़ से गुजर रही थी। एहतियातन ट्रेन को रोककर व्यापक सुरक्षा जांच की गई।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), बम निरोधक दस्ता (BDS), स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वॉड, अग्निशमन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ट्रेन के सभी कोचों और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई। करीब 31 मिनट तक चली जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अलीगढ़ आरपीएफ के कमांडिंग ऑफिसर गुलजार सिंह ने बताया कि दिल्ली कंट्रोल रूम से ट्रेन में बम होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल सभी एजेंसियों को अलर्ट कर ट्रेन को रोका गया। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
गौरतलब है कि तेजस राजधानी एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस का उन्नत संस्करण है, जिसमें आधुनिक इंटीरियर, एलईडी डिस्प्ले और ऑटोमैटिक दरवाजों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। फिलहाल धमकी को अफवाह माना जा रहा है, लेकिन मामले की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8237382
Total views : 8285056