7 महीने की कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद मिली ‘हॉट सीट’, आज रात 9 बजे होगा एपिसोड टेलीकास्ट
रायपुर: राजधानी रायपुर की युवा महिला पत्रकार प्रज्ञा प्रसाद लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ में नज़र आने वाली हैं। सुपरस्टार अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले शो के नए प्रोमो में प्रज्ञा हॉट सीट पर दिख रही हैं। उनका एपिसोड आज 3 दिसंबर की रात 9 बजे टेलीकास्ट किया जाएगा। इसकी जानकारी प्रज्ञा ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए साझा की।
प्रज्ञा ने लिखा कि “हॉट सीट तक पहुंचना मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। यह 7 महीने की चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया थी, जिसमें मेहनत, ज्ञान और थोड़े से भाग्य ने बड़ा साथ दिया।”
उन्होंने बताया कि KBC का सफर अप्रैल में शुरू हुआ, जब सोनी लिव पर पूछे गए सवालों के जवाब देने थे। मई में दूसरा कॉल आया, जिसमें उनसे कंप्यूटरीकृत दो सवाल पूछे गए। दोनों सवाल सही होने पर तीसरे कॉल में उन्हें मुंबई बुलाया गया।
मुंबई में पवार पब्लिक स्कूल में उनका जीके का लिखित टेस्ट लिया गया, जिसमें करीब 100 पन्नों की बुकलेट भरनी पड़ी। दो घंटे बाद ही रिज़ल्ट आया, जिसमें वे पास रहीं। इसके बाद पर्सनल इंटरव्यू और स्क्रीन टेस्ट हुआ, जिसमें 25 मिनट का साक्षात्कार और चार जीके प्रश्न शामिल थे।
प्रज्ञा प्रसाद की यह उपलब्धि रायपुर और पत्रकारिता जगत के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8162427
Total views : 8186791