ब्रेड फैक्ट्री में छापा, 4 नाबालिग समेत 8 संदिग्ध हिरासत में… बांग्लादेशी कनेक्शन की जांच तेज

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

सूरजपुर: जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने एक ब्रेड फैक्ट्री में अचानक छापेमारी कर 4 नाबालिग समेत 8 संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी पर बांग्लादेशी नागरिक होने की आशंका जताई जा रही है। यह कार्रवाई बजरंग दल कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद की गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ब्रेड फैक्ट्री में काम करने वाले कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध हैं और उनके पास वैध दस्तावेज नहीं हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फैक्ट्री में काम कर रहे लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान 4 नाबालिगों सहित कुल 8 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

‘ऑपरेशन समाधान’ के तहत सघन जांच

बांग्लादेश में जारी हिंसा और सीमा पार अवैध घुसपैठ की आशंकाओं के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशभर में सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में ‘ऑपरेशन समाधान’ के तहत दूसरे राज्यों और संदिग्ध इलाकों से आए लोगों की पहचान और दस्तावेजों की तस्दीक की जा रही है।

रायपुर में भी सामने आए थे 100 से ज्यादा संदिग्ध

गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले रायपुर में 1000 से अधिक लोगों की जांच की गई थी, जिसमें करीब 100 संदिग्ध सामने आए थे। पुलिस को आशंका है कि इनमें कुछ लोग बांग्लादेशी नागरिक या रोहिंग्या हो सकते हैं। इसी इनपुट के बाद अन्य जिलों में भी जांच अभियान तेज किया गया है।

पुलिस कर रही गहन पूछताछ

सूरजपुर कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। नाबालिगों के संबंध में भी अलग से सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ये लोग वास्तव में विदेशी नागरिक हैं या नहीं।

फिलहाल इस कार्रवाई के बाद जिले में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और अन्य फैक्ट्रियों व संदिग्ध ठिकानों पर भी छापेमारी की संभावना जताई जा रही है।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment