जगदलपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को बस्तर संभाग के जगदलपुर पहुंचेंगी। वे यहां बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास के मद्देनजर मुख्य सचिव विकास शील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से मौके पर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली, वहीं रायपुर कलेक्टर को भी आवश्यक समन्वय और व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनसंपर्क एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8243803
Total views : 8292872