कानपुर: कानपुर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां बड़ी बहन को नशेड़ी दूल्हे से बचाने की कोशिश में छोटी बहन ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, नगवां गांव निवासी 21 वर्षीय दिव्या ने अपने घर के ऊपरी कमरे में दुपट्टे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि दिव्या की मां का पहले ही निधन हो चुका था, जबकि पिता संजय नशे के आदी थे और बच्चों को छोड़कर कहीं चले गए थे। परिवार की जिम्मेदारी दोनों बहनों पर ही थी। इसी बीच उन्नाव निवासी मामा ने दिव्या की बड़ी बहन सिम्मी की शादी एक युवक से तय कर दी।
दिव्या को जब पता चला कि होने वाला जीजा नशे का आदी है, तो उसने मामा से फोन पर शादी का रिश्ता तोड़ने का आग्रह किया, लेकिन मामा ने उसे डांट दिया। इससे दिव्या मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई और यह कठोर कदम उठा लिया।
सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
Author: Deepak Mittal








Total Users : 8243803
Total views : 8292872