रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से जुड़ी अंडरवर्ल्ड नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मीडियेटर और कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को रायपुर लाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उसे 24 दिसंबर को रायपुर की अदालत में पेश किया जाएगा, इसके लिए रायपुर कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिया है।
तेलीबांधा फायरिंग केस में नाम आया सामने
बताया जा रहा है कि जुलाई 2024 में तेलीबांधा इलाके में स्थित एक कोल कंपनी के दफ्तर पर हुई गोलीबारी का मयंक सिंह मुख्य आरोपी है। इस सनसनीखेज फायरिंग की घटना के बाद तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान मयंक सिंह की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।
अमन सव का करीबी, इंटरपोल की मदद से गिरफ्तारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मयंक सिंह को कुख्यात गैंगस्टर अमन सव का बेहद करीबी माना जाता है और वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए मीडियेटर की भूमिका निभाता था। लंबे समय से फरार चल रहे मयंक सिंह को आखिरकार इंटरपोल की मदद से अजरबैजान में गिरफ्तार किया गया।
कड़ी सुरक्षा में रायपुर लाने की तैयारी
सूत्रों की मानें तो मयंक सिंह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रायपुर लाया जाएगा। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पेशी को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं, क्योंकि गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासों की उम्मीद की जा रही है।
मयंक सिंह की कोर्ट पेशी के बाद तेलीबांधा फायरिंग केस में जांच की दिशा और तेज हो सकती है, वहीं लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अन्य चेहरों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8209325
Total views : 8249477