नए साल का तोहफा: 1 जनवरी से CNG और PNG की दरों में कटौती, हर यूनिट पर होगी ₹2–₹3 तक की बचत

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal

PNGRB का नया यूनिफाइड टैरिफ लागू, CNG वाहन चालकों और घरेलू PNG उपभोक्ताओं को सीधा फायदा

नई दिल्ली: नए साल की शुरुआत से पहले आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) ने कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के लिए नया टैरिफ रैशनलाइजेशन लागू करने का ऐलान किया है। यह नया यूनिफाइड टैरिफ स्ट्रक्चर 1 जनवरी 2026 से पूरे देश में प्रभावी होगा।

PNGRB के मेंबर ए.के. तिवारी ने एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया कि नए टैरिफ के लागू होने से उपभोक्ताओं को राज्य और टैक्स संरचना के अनुसार प्रति यूनिट करीब ₹2 से ₹3 तक की सीधी बचत होगी। इसका लाभ CNG से चलने वाले वाहनों और PNG का इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा।

जोन घटे, दरें हुईं सस्ती

PNGRB ने गैस टैरिफ सिस्टम को सरल करते हुए जोन की संख्या तीन से घटाकर दो कर दी है। पहले के ढांचे में—

  • 200 किमी तक ₹42

  • 300 से 1,200 किमी तक ₹80

  • 1,200 किमी से अधिक दूरी पर ₹107

का टैरिफ लागू था। अब नए यूनिफाइड सिस्टम के तहत पहले जोन में पूरे भारत के CNG और घरेलू PNG उपभोक्ताओं के लिए एक समान दर ₹54 तय की गई है, जो पहले की ₹80 और ₹107 की दरों की तुलना में काफी कम है।

इन उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा फायदा

इस फैसले से देशभर में काम कर रही 40 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों के अंतर्गत आने वाले 312 भौगोलिक क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। CNG का इस्तेमाल करने वाले ट्रांसपोर्ट सेक्टर के साथ-साथ घरेलू PNG उपभोक्ताओं की मासिक गैस लागत में भी कमी आएगी। PNGRB ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रैशनलाइज्ड टैरिफ का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए और इसकी नियमित निगरानी की जाएगी।

गैस इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर जोर

ए.के. तिवारी ने बताया कि देशभर में CNG और PNG नेटवर्क के विस्तार के लिए लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं, जिनमें सरकारी, निजी और जॉइंट वेंचर कंपनियां शामिल हैं। PNGRB राज्य सरकारों के साथ समन्वय कर रहा है, जिसके चलते कई राज्यों ने VAT घटाया है और अनुमतियों की प्रक्रिया को सरल बनाया है।

उन्होंने कहा कि PNGRB केवल एक रेगुलेटर नहीं, बल्कि फैसिलिटेटर की भूमिका भी निभा रहा है। सरकार की इस पहल से न केवल CNG और घरेलू PNG सस्ती होंगी, बल्कि देशभर में नेचुरल गैस के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे CGD सेक्टर को मजबूती मिलेगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment