महासमुंद: जिले के भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के जंगल में एक 17 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलौदाबाजार-कसडोल जिले के ग्राम सर्वा निवासी उद्रेश वर्मा के रूप में हुई है। किशोर बीते 15 दिनों से लापता था।
पुलिस के अनुसार, उद्रेश 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत जमदरहा के आश्रित गांव जमनीडीह में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की इच्छा जताई। दोस्तों के मना करने के बावजूद वह रात करीब 11 बजे जमनीडीह पहुंचा और दोस्त के मोबाइल से युवती को कॉल कर उससे मिला। इसके बाद से वह लापता हो गया।
30 जनवरी को उसके दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद वह मोबाइल, जिससे कॉल किया गया था, गांव के पास मिला। इसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान तेज किया। डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम की मदद ली गई, हालांकि शुरुआती जांच में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला।
दोपहर करीब 2 बजे तलाशी अभियान के दौरान युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि शव का कुछ हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान उद्रेश वर्मा के रूप में की। शव अत्यधिक सड़न की स्थिति में होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।
पुलिस ने मामले में किशोर की गर्लफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Author: Deepak Mittal









