छत्तीसगढ़ में तृतीय-चतुर्थ श्रेणी भर्ती के नए नियम लागू, चयन प्रक्रिया हुई पूरी तरह ऑनलाइन

Picture of Deepak Mittal

Deepak Mittal


रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और तकनीक आधारित बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल नियम, 2026 अधिसूचित कर दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी यह अधिसूचना 6 अगस्त 2026 को राजपत्र (असाधारण) में प्रकाशित हुई है। नए नियमों के तहत भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और लिखित परीक्षा से लेकर नियुक्ति तक की समय-सीमा भी तय कर दी गई है।


नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करते समय पद, विभाग और नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी की प्राथमिकता देना अनिवार्य होगा। लिखित परीक्षा बहुविकल्पीय (MCQ) आधारित होगी तथा परीक्षा परिणाम ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। जिन पदों के लिए कौशल परीक्षा या शारीरिक दक्षता परीक्षा आवश्यक होगी, वहां लिखित परीक्षा के बाद दूसरे चरण की प्रक्रिया संबंधित विभाग अधिकतम तीन माह में पूरी करेंगे।


अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा के अंकों, अभ्यर्थी की पद प्राथमिकता और आरक्षण नियमों के आधार पर तैयार की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय में दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे, जिसके बाद विभाग द्वारा भौतिक सत्यापन कर नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। नियमों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अंतिम चयन सूची जारी होने के बाद कोई प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) जारी नहीं की जाएगी।


नए प्रावधानों के तहत प्रत्येक वर्ष अगस्त माह में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए विभागों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। सरकार का कहना है कि इन नियमों से भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और व्यवस्थित होगी।

Deepak Mittal
Author: Deepak Mittal

Leave a Comment

Leave a Comment