नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। कटोल तहसील के राउलगांव स्थित SBL Energy Limited के कारखाने में भीषण विस्फोट से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को तत्काल नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुबह 6 से 7 बजे के बीच हुआ धमाका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि उस समय कारखाने की एक यूनिट में 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोटक निर्माण की प्रक्रिया के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।
धमाके के बाद लगी भीषण आग
विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में भीषण आग लग गई और पूरे इलाके में धुआं फैल गया। आग और मलबे के कारण राहत-बचाव कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 18 घायलों का इलाज जारी है।
कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटे हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ मजदूर अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं।
जांच के आदेश
प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर विस्फोटक निर्माण के दौरान तकनीकी गड़बड़ी या सुरक्षा मानकों में चूक की संभावना जताई जा रही है। विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Author: Deepak Mittal









