सूरजपुर: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन के भीतर गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आई है। जिले में संयुक्त महामंत्री, महामंत्री और सचिव समेत 17 पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस्तीफा देने वाले अधिकांश पदाधिकारी पूर्व डिप्टी सीएम T. S. Singh Deo के समर्थक बताए जा रहे हैं। हाल ही में संगठन द्वारा शशि सिंह को सूरजपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद से सिंहदेव गुट में नाराजगी की चर्चा थी।
कार्यकारिणी गठन पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, जिला कार्यकारिणी के गठन के दौरान वरिष्ठ नेताओं से राय-मशविरा नहीं किए जाने और कथित तौर पर सिंहदेव समर्थकों को पद नहीं दिए जाने को लेकर असंतोष बढ़ा। इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि जिला अध्यक्ष और संगठन स्तर पर उनकी लगातार अनदेखी की जा रही थी।
पूर्व मंत्री के परिवार से भी इस्तीफा
इस्तीफा देने वालों में पूर्व मंत्री खेल साय सिंह की बहू का नाम भी शामिल बताया जा रहा है, जिससे मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है।
फिलहाल कांग्रेस की ओर से इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन जिले की राजनीति में इस सामूहिक इस्तीफे को बड़ा झटका माना जा रहा है।
Author: Deepak Mittal









