किराएदार युवती को प्रेमजाल में फंसाकर दिया धोखा, शादीशुदा युवक गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर बार-बार किया दैहिक शोषण, युवती की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती से विवाह का वादा कर बार-बार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में किसी अन्य युवती से शादी कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 5 नवंबर 2025 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि आरोपी गिरधर साहू (29 वर्ष) पिता सुखराम साहू, निवासी चिंगराजपारा (थाना सरकंडा), उसकी बहन के घर में किराये पर रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का वादा किया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने 15 सितंबर 2021 को अपने किराये के मकान जोरापारा में बुलाकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह अलग-अलग मौकों पर उसका शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और अंततः किसी दूसरी युवती से विवाह कर लिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी के विवाह के बाद भी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या का प्रयास तक किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376(2)(एन) (लगातार दुष्कर्म) और 506 (धमकी) भादवि के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने 6 नवंबर को आरोपी गिरधर साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8181010
Total views : 8212666