रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला मेटल पार्क स्थित भारती फूड्स फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना सुबह लगभग 9 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, SDRF की टीम और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रावभाटा स्थित भारती फूड्स फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। फैक्ट्री में बिस्कुट निर्माण का कार्य किया जाता है। आग लगने के दौरान फैक्ट्री के भीतर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका भी जताई गई, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया।
फैक्ट्री की मालिक भारती कोड़वानी बताई जा रही हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी की इस घटना में लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये के आर्थिक नुकसान की आशंका है। आग में फैक्ट्री की मशीनरी के साथ-साथ करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये मूल्य का कच्चा माल और तैयार उत्पाद जलकर खाक हो गया।
उरला थाना पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
Author: Deepak Mittal










Total Users : 8200847
Total views : 8238945