छत्तीसगढ़: दिवाली पर टूटा शराब बिक्री का रिकॉर्ड
6 दिनों में 61 करोड़ की शराब बिकी, आबकारी विभाग का खजाना हुआ मालामाल
रायपुर। इस साल दीपावली पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जिले में शराब बिक्री के आंकड़ों ने नया रिकॉर्ड बना दिया। आबकारी विभाग के अनुसार, धनतेरस से लेकर भाईदूज के दूसरे दिन तक यानी सिर्फ 6 दिनों में लगभग 61 करोड़ रुपए की शराब बेची गई। त्योहारों की रौनक के बीच यह आंकड़ा बताता है कि रायपुर जिले में शराब की खपत अन्य जिलों की तुलना में कहीं अधिक है।
हालांकि विभाग के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में लगभग 1 प्रतिशत की कमी आई है, लेकिन फिर भी यह आंकड़ा सामान्य दिनों की तुलना में दोगुना है।
आबकारी विभाग के जिला अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि सामान्य दिनों में रायपुर जिले में रोजाना करीब 5 करोड़ रुपए की शराब बिकती है। ऐसे में 6 दिनों में सामान्य बिक्री लगभग 30 करोड़ रुपए होती, लेकिन दिवाली के दौरान यह आंकड़ा दोगुना होकर 61 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।
त्योहार के दौरान धनतेरस के दूसरे दिन शराब की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की गई। उस दिन 11 करोड़ 39 लाख 3 हजार 400 रुपए की शराब बिकी। वहीं, बाकी के पांच दिनों में भी बिक्री 8 करोड़ से 10 करोड़ रुपए के बीच रही।
विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहारों में शराब की बिक्री बढ़ना आम बात है, लेकिन इस बार रायपुर जिले का आंकड़ा राज्य में सबसे आगे रहा, जिससे आबकारी विभाग का राजस्व तो बढ़ा ही है, साथ ही शराब सेवन के सामाजिक पहलुओं पर भी चर्चा तेज हो गई है।
Author: Deepak Mittal









Total Users : 8189171
Total views : 8223813